उदयपुर शहर से सटे उपली बड़ी क्षेत्र में तेंदुए के हमले के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। रविवार रात तेंदुए के हमले में 52 वर्षीय भूरी बाई की मौत के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिस घर में हमला हुआ, वह सज्जनगढ़ सेंचुरी की दीवार से मात्र 15 फीट दूर स्थित है, जिससे आसपास की बस्ती में डर का माहौल है।

तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए वन मंडल (उत्तर) और वन्यजीव प्रभाग की टीम ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। घटनास्थल और सेंचुरी के बाहरी रास्तों पर 4 पिंजरे लगाए गए हैं, जबकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 6 हाई-टेक ट्रैप कैमरे इंस्टॉल किए गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए की मूवमेंट लगातार मॉनिटर की जा रही है और क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है। वहीं, राज्य सरकार के नए नियमों के तहत मृतका के परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा, जिसके लिए फाइल तैयार कर ली गई है।