देशभर में आज यानी 15 मई से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी लागू हो गई है। करीब दो साल बाद ईंधन के दामों में यह बड़ा इजाफा किया गया है। राजधानी दिल्ली में अब पेट्रोल ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। इसके साथ ही CNG की कीमतों में भी ₹2 प्रति किलो तक की बढ़ोतरी की गई है।
सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों में लगातार तेजी आने के कारण यह फैसला लेना पड़ा। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका युद्ध की आशंका के चलते क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच चुकी हैं। ऐसे में तेल कंपनियों पर लगातार घाटे का दबाव बढ़ रहा था।
आम आदमी पर क्या होगा असर?
पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। खासकर डीजल महंगा होने से परिवहन और खेती की लागत बढ़ जाएगी।
मालभाड़ा होगा महंगा
ट्रक और टेम्पो के किराए बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो सकते हैं। इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ेगा।
खेती की लागत बढ़ेगी
किसानों को ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। इससे गेहूं, चावल और अन्य फसलों की लागत बढ़ सकती है।
बस और ऑटो किराए में बढ़ोतरी संभव
डीजल महंगा होने के कारण सार्वजनिक परिवहन, स्कूल बस और ऑटो रिक्शा के किराए में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
पड़ोसी देशों में पहले ही बढ़ चुके थे दाम
सरकार अब तक यह कहती रही कि वैश्विक संकट के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाएगा। हालांकि पाकिस्तान, नेपाल और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में पहले ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 15% से 20% तक बढ़ोतरी हो चुकी थी। अब भारत में भी कंपनियों ने दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।
चुनाव से पहले मिली थी राहत
मार्च 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹2 प्रति लीटर की कटौती कर आम जनता को राहत दी थी। इसके बाद से दाम स्थिर बने हुए थे। हालांकि तकनीकी रूप से भारत में तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से हर दिन कीमतें बदल सकती हैं, लेकिन राजनीतिक कारणों से लंबे समय तक बदलाव नहीं किया गया।
आगे और बढ़ सकते हैं दाम
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर देश में महंगाई दर पर भी देखने को मिल सकता है।
