झीलों की नगरी Udaipur में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ऐसे में Sajjangarh Biological Park प्रशासन ने जानवरों को गर्मी और लू से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। भीषण तापमान के बीच वन्यजीवों को राहत देने के लिए उनके खानपान में बदलाव किया गया है। खासतौर पर भालुओं को ठंडक पहुंचाने के लिए फ्रूट आइसक्रीम खिलाई जा रही है। इसके साथ ही उन्हें तरबूज, अंगूर और केले जैसे फलों का सेवन कराया जा रहा है। वहीं हिरण सहित अन्य शाकाहारी जीवों की डाइट में खीरा, ककड़ी और तरबूज शामिल किए गए हैं।

मांसाहारी जीवों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। शेर, बाघ और पैंथर को चिकन पॉप आइसक्रीम दी जा रही है ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। वहीं डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए जानवरों के पीने के पानी में ग्लूकोज और इलेक्ट्रॉल मिलाया जा रहा है। इसके अलावा बाड़ों के तापमान को नियंत्रित रखने के लिए एंक्लोजर में कूलर और फव्वारे लगाए गए हैं। तेज धूप से बचाव के लिए ग्रीन नेट भी लगाई गई है, जिससे वन्यजीवों को राहत मिल सके। पार्क प्रशासन का कहना है कि गर्मी के इस दौर में जानवरों की सेहत पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।