जयपुर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएँ बंद

जयपुर शहर के उत्तर एवं पूर्व क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएँ पूरी तरह बंद रहेंगी। इस संबंध में संभागीय आयुक्त द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने यह निर्णय सामूहिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया है।

प्रशासन के अनुसार, इंटरनेट बंदी के दौरान मोबाइल इंटरनेट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य ऑनलाइन सेवाओं पर अस्थायी रोक रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी और सोशल मीडिया के माध्यम से फैलने वाली गलत सूचनाओं को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन को पूरे क्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आम नागरिकों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति सामान्य रहने पर निर्धारित समय के बाद इंटरनेट सेवाएँ पुनः बहाल कर दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *