उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में मतदान समाप्त होने के बाद भाजपा ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। सभी प्रत्याशियों को पहले शहर के 100 फीट रोड स्थित एक होटल में एकत्र किया गया, जहां प्रशिक्षण बैठक के नाम पर वार्डवार फीडबैक लिया गया।
बैठक में प्रत्याशियों से उनके वार्ड में हुए मतदान प्रतिशत, मतदाताओं के रुझान और जीत की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली गई। खास बात यह रही कि प्रत्याशी अपने साथ दो-दो बैग लेकर होटल पहुंचे थे।
रात करीब सवा 11 बजे दो बसों में सभी प्रत्याशियों को उदयपुर से बाहर एक अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया। बताया जा रहा है कि यहां उन्हें होटल में बाड़ेबंदी के बीच रखा जाएगा।
बैठक में भाजपा शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित पार्टी के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।