उदयपुर की झीलों के बीच बसे वॉल्ड सिटी क्षेत्र में अब पर्यटन को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम पिछोला झील में चांदपोल पुलिया से दाईजी राज की पुलिया के बीच नया बोटिंग पॉइंट विकसित करने की योजना पर मंथन कर रहा है। योजना को मंजूरी मिलती है तो पर्यटक पहली बार पुराने घाटों और संकरी गलियों के बीच पानी के रास्ते सैर कर सकेंगे। यह मिनी लेक एक्सपीरियंस पर्यटकों को शहर की ऐतिहासिक खूबसूरती का नया नजरिया देगा। प्रस्तावित क्षेत्र में एक ओर रोवनिया घाट और दूसरी ओर हनुमान घाट स्थित हैं, जो पहले से ही पर्यटन के लिहाज से आकर्षण का केंद्र रहे हैं। नगर निगम के अनुसार इस प्रोजेक्ट से वॉल्ड सिटी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। यदि अंतिम स्वीकृति मिलती है, तो यह क्षेत्र उदयपुर का नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट बनकर उभरेगा, जहां इतिहास, संस्कृति और रोमांच का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

