उदयपुर। महाराणा प्रताप एयरपोर्ट का नया अत्याधुनिक टर्मिनल सितंबर तक तैयार होने की संभावना है। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बन रहे इस टर्मिनल की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 45 लाख होगी। मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य कला से प्रेरित इस टर्मिनल में महाराणा प्रताप, चित्तौड़गढ़ दुर्ग, एकलिंगजी मंदिर और झीलों की नगरी उदयपुर की पहचान को आधुनिक स्वरूप में उकेरा गया है। सोमवार को सांसद सीपी जोशी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि नए टर्मिनल के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उदयपुर आ सकते हैं।








