केंद्र सरकार द्वारा सोना और चांदी के आयात पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% किए जाने के बाद सर्राफा बाजार में बड़ा उछाल देखने को मिला है। बुधवार को जारी सरकारी आदेश के बाद आज यानी 13 मई को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई।
10 ग्राम सोने का भाव करीब ₹10,000 बढ़कर 1.63 लाख रुपए तक पहुंच गया, जबकि 1 किलो चांदी की कीमत में ₹18,000 की तेजी आई और इसका भाव 2.97 लाख रुपए तक पहुंच गया। अचानक आई इस भारी बढ़ोतरी से निवेशकों और आम खरीदारों में हलचल मच गई है।
सरकार ने सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इस तरह कुल प्रभावी टैक्स अब 15% हो गया है। इससे पहले केंद्रीय बजट 2024 में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोने-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 15% से घटाकर 6% कर दी थी, जिससे कीमतों में राहत मिली थी। लेकिन अब सरकार ने फिर से ड्यूटी बढ़ाकर बड़ा फैसला लिया है।
सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य विदेशी खरीद को कम करना और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को नियंत्रित करना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे हालात को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
प्रधानमंत्री द्वारा पहले लोगों से अनावश्यक सोना खरीदने से बचने की अपील भी की गई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सर्राफा बाजार में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। शादी और निवेश सीजन के बीच कीमतों में आई इस भारी बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार यदि अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे और डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी जारी रही, तो सोना और चांदी आने वाले समय में और महंगे हो सकते हैं।