सामाजिक प्रभाव और सतत विकास के क्षेत्र में एक दशक की उल्लेखनीय यात्रा पूरी करने पर ग्रीनसोल फाउंडेशन ने अपना 10वां स्थापना दिवस मनवास (कैलाशपुरी) स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया। समारोह में कॉर्पोरेट जगत के प्रतिनिधियों, साझेदारों, हितधारकों, समन्वयकों, समर्थकों, परिवारजनों एवं मित्रों ने भाग लेकर संस्था की दस वर्षों की उपलब्धियों को सराहा।
विद्यालय में अध्ययनरत कई विद्यार्थी प्रतिदिन लंबी दूरी पैदल तय कर शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद शिक्षा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए फाउंडेशन ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 123 विद्यार्थियों को चप्पल और बैग्स वितरित कीं |
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण प्रार्थना गीत से हुआ, जिसने पूरे समारोह को प्रेरणादायक बना दिया। इस अवसर पर ग्रीनसोल फाउंडेशन की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 का भी विमोचन किया गया। रिपोर्ट में संस्था द्वारा वर्षभर में किए गए सामाजिक कार्यों, सतत विकास पहलों, सामुदायिक पहुंच कार्यक्रमों और विभिन्न उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
समारोह के दौरान फाउंडेशन के सह-संस्थापक श्रीयांश भंडारी के परिवार द्वारा विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों के लिए दीर्घकालिक छात्रवृत्ति योजना की घोषणा भी की गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को निरंतर शिक्षा सहायता प्रदान करना है।
ग्रीनसोल फाउंडेशन ने पिछले दस वर्षों में शिक्षा, सामुदायिक विकास और सतत सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संस्था ने भविष्य में भी समाज के वंचित वर्गों तक शिक्षा और विकास के अवसर पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह आयोजन न केवल फाउंडेशन की दस वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि शिक्षा और सामाजिक विकास के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश लेकर आया।